मंगलवार, 12 अप्रैल 2016

NIA Officer Mohammad Tanzil Murder: UP Police Arrest Two Accused

एनआईए अफसर तंजील की हत्या में बड़ा खुलासा, मुनीर ने ही मारी थी गोली


एनआईए अधिकारी तंजील अहमद की हत्या के मामले में यूपी पुलिस ने अहम खुलासा किया, मुनीर ने गोली मारी

नई दिल्ली/लखनऊ। यूपी पुलिस ने एनआईए अधिकारी तंजील अहमद की हत्या की गुत्थी को सुलझाने का दावा किया है। यूपी पुलिस के मुताबिक मुनीर ही इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड है। मुनीर ने ही तंजील को गोली मारी थी। बरेली रेंज के आईजी विजय कुमार मीणा ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि मुनीर ने ही तंजील अहमद को गोलियां मारी थी।


बकौल मीणा, जांच पेशेवर और व्यक्तिगत दुश्मनी सहित सभी एंगल से की गई। तंजील की हत्या के पीछे कोई आतंकी साजिश नहीं है। हत्या आपसी रंजिश और प्रॉपर्टी विवाद के चलते हुई है। अन्य आरोपी रेहान से पूछताछ के दौरान ये जानकारी सामने आई। रेहान तंजील के बहनोई का भतीजा है। पुलिस के मुताबिक रेहान मोटरसाइकिल चला रहा था और मुनीर पीछे बैठा था। वारदात के बाद मुनीर घर चला गया। 50 हजार का इनामी बदमाश मुनीर फिलहाल फरार है। उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। वह देश से बाहर न भाग जाए इसलिए एयरपोर्ट और सी-पोर्ट पर उसकी तलाश की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक भी पुलिस ने बरामद कर ली है।




पुलिस ने सोमवार को तंजील अहमद की हत्या के केस में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान रेहान और जुनैल के रूप में हुई है। जुनैल सहारनपुर का रहने वाला है। दोनों की गिरफ्तारी बिजनौर से हुई है। तंजील हत्याकांड में ये पहली गिरफ्तारी है। जुनैल हथियार लेकर आया था। मुनीर के साथ तंजील का एक घर को लेकर विवाद था। मुनीर को शक था कि तंजील उसकी मुखबिरी कराते थे। यूपी पुलिस शुरूआत में ही कह चुकी थी कि यह आपसी रंजिश का मामला है। मुनीर की गिरफ्तारी के बाद हत्या का मकसद साफ हो जाएगा। मुनीर का नाम पहले भी एक लूट की वारदात में आ चुका है। गवाह इनामुद्दीन और बॉबी ने घटना के संबंध में पुलिस को काफी पुख्ता जानकारी दी है।


रेहान 20-21 साल का युवक है। उसकी एक बार तंजील अहमद ने मदद नहीं की थी। परिवार ने भी तंजील से मदद मांगी थी लेकिन उन्होंने मदद करने से इनकार कर दिया था। मुनीर ने हत्या में इसलिए साथ दिया क्योंकि बिजनौर में 91 लाख की लूट में जब वह फंसा था तो सभी दिल्ली में मुनीर के घर गए थे। मुनीर को शक था कि पुलिस को इस मामले की जानकारी तंजील अहमद ने दी थी। इस बीच तंजील अहमद की बीवी फरजाना की हालत बिगड़ गई है। उसे एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। फरजाना का नोएडा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। तंजील अहमद पर हमले के दौरान उन्हें भी गोलियां लगी थी। तंजील अहमद जब अपनी भांजी की शादी से लौट रहे थे तब फायरिंग कर उनकी हत्या की गई थी।








यह भी पढ़े : MCI की तीन सदस्यीय टीम ने किया मेडिकल कॉलेज का दौरा
यह भी पढ़े : CM के आदेश हुए हवा हवाई, समय से कार्यालय नहीं पहुंचे अधिकारी
यह भी पढ़े : तंजील के हत्यारे को कहां से मिल रहा संरक्षण ?

SC pulls up RBI, says big defaulters escape while farmers are harassed

गरीब किसानों पर कार्रवाई और अमीर उड़ा रहे मौज:सुप्रीम कोर्ट


कर्ज डिफॉल्टर्स के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने केन्द्र सरकार और आरबीआई को कड़ी फटकार लगाई


नई दिल्ली। कर्ज डिफॉल्टर्स के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने केन्द्र सरकार और आरबीआई को कड़ी फटकार लगाई है। सुप्रीम कोर्ट ने दोनों से पूछा कि लोन डिफॉल्टर्स से रकम वसूलने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं? सर्वोच्च अदालत ने वित्त मंत्रालय और इंडियन बैंक एसोसिएशन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अदालत ने दोनों को याचिका में पार्टी बनाया है। कोर्ट ने कहा कि 500 करोड़ से ज्यादा कर्ज लेने वालों की सूची बनाएं। ये केस दर्ज करने के लिए पर्याप्त है। अगर कर्ज की रकम करोड़ों में हो तो इसका खुलासा किया जा सकता है। कोर्ट इसकी जांच करेगा।




अदालत ने कहा कि करोड़ों रुपए के लोन डिफॉल्टर्स के नामों का खुलासा किया जा सकता है या नहीं,वह इस पर विचार करेगा। गौरतलब है कि आरबीआई ने डिफॉल्टर्स के नामों को सार्वजनिक करने पर असहमति प्रकट की थी। मामले पर अगली सुनवाई 26 अप्रेल को होगी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि कॉर्पोरेट सेक्टर और कारोबारियों का लोन डिफॉल्टर होना संदेह पैदा करता है। आरबीआई ने खुलासा किया है कि कॉर्पोरेट और इंडिविजुअल्स ने लाखों करोड़ों रुपए का लोन लिया है और डिफॉल्टर साबित हो रहे हैं। कई लोगों ने तो व्यक्तिगत तौर पर 500 करोड़ रुपए से ज्यादा का लोन ले रखा है। यह भेदभाव ही है कि कुछ हजार रुपए का कर्ज लेने वाले किसानों से वसूली के लिए सभी उपाय किए जाते हैं और बड़े लोग हजारों करोड़ रुपए का कर्ज लेने के बाद कंपनी को बीमार बता देते हैं और मौज उड़ाते हैं।


वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने करीब एक दशक पहले याचिका दाखिल की थी। उन्होंने हुडको में हुए कथित घोटाले को लेकर याचिका दाखिल की थी,जिसकी सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने ये टिप्पणी की। प्रशांत भूषण का कहना था कि हर साल बैंकों की ओर से हजारों करोड़ के लोन डिफॉल्टर्स के मामलों को बंद कर दिया जाता है।





यह भी पढ़े : सूखे पर हरियाणा को फटकार, SC ने कहा, कोई मजाक नहीं चल रहा
यह भी पढ़े : पारदर्शी व जवाबदेह बने बीसीसीआई : सुप्रीम कोर्ट
यह भी पढ़े : SC ने BCCI को लताड़ा, कहा, खेल के विकास के लिए कुछ नहीं किया

Priyanka Chopra and Rajinikanth receive their Padma awards

प्रिंयका चौपड़ा और रजनीकांत पद्म पुरस्कार से सम्मानित


राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने मंगलवार को अभिनेता रजनीकांत और अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया



नई दिल्ली। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने मंगलवार को अभिनेता रजनीकांत और अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया। दोनों कलाकारों को सिनेमा जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया। इसी क्रम में उन्होंने टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और गायक उदित नारायण को पद्म भूषण से सम्मानित किया। राष्ट्रपति भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


रजनीकांत को जहां पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया, तो वहीं प्रियंका चोपड़ा को पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा गया। प्रियंका इस कार्यक्रम के लिए हाल ही में अपने टीवी शो क्वांटिको की शूटिंग छोड़ अमेरिका से लौटीं हैं।


गौरतलब है कि पद्म पुरस्कार के लिए कुछ 56 हस्तियों के नाम का एलान हुआ था। इनमें से ज्यादातर हस्तियों को राष्ट्रपति हाल ही में सम्मानित कर चुके हैं। इनमें बॉलीवुड से अनुपम खेर, अजय देवगन, यामिनी कृष्णमूर्ति, निर्देशक मधुर भंडारकर और एस.एस. राजमौली जैसे सितारे शामिल हैं।






यह भी पढ़े : हठी लोगों की वजह से देश की विविधता नहीं बदल सकती- राष्ट्रपति

यह भी पढ़े : प्रियंका चौपड़ा चुनी गई 'सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री'
यह भी पढ़े : प्रियंका ने TWITTER पर बिपाशा को दी शादी की बधाई, जानिए क्या कहा?

Modi ki barbadi hashtag trending on Twitter

Twitter के ट्रेंड में मोदी की बर्बादी, जवाब में SRK आए निशाने पर


माइक्रो ब्लॉगिंग साइट Twitter पर मंगलवार सुबह अचानक ही प्रधानमंत्री नरेंद्र की बर्बादी (#मोदी_की_बर्बादी) ट्रेंड करने लगा




नई दिल्ली। माइक्रो ब्लॉगिंग साइट Twitter पर मंगलवार सुबह अचानक ही प्रधानमंत्री नरेंद्र की बर्बादी (#मोदी_की_बर्बादी) ट्रेंड करने लगा। शाहरुख खान के फैंस ने मोदी की बर्बादी हैशटैग से पीएम मोदी के खिलाफ कमेंट करना शुरू किया। हालांकि, Twitter पर लोगों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए शाहरुख खान पर निशाना साधा है। इस हैशटैग को अब तक 19 हजार से ज्यादा बार Tweet किया जा चुका है।


हालांकि अभी तक यह समझ नहीं आया कि इस ट्रेंड की शुरुआत कैसे हुई। माना जा रहा है है कि यह सब शाहरुख खान की अगली फिल्म फैन की मार्केटिंग का नुस्खा तो नहीं है जो कि इस शुक्रवार को को रिलीज होने जा रही है। जो भी हो पीएम मोदी के समर्थक इस हैशटैग पर शाहरुख खान पर निशाना साध रहे हैं।

















यह भी पढ़े : मोदी सरकार के 22 महीने के कार्यकाल के बाद क्या है इस पर आपकी राय?
यह भी पढ़े : तो, इसलिए भारत ने ओबामा की टिप्पणियों का किया विरोध
यह भी पढ़े : ऐसा करने वाले पहले पीएम होंगे मोदी

If you capable, you will get the job, don't disappointed

shahrukh khan-किस बात पर SRK ने कहा- काबिल हैं, तो काम मिलेगा...निराश न हों


शाहरुख ने कहा, सभी की जिदगी में अच्छे और बुरे दिन आते हैं। इसलिए बुरे दिनों के बारे में अधिक ना सोचें...


मुंबई। सुपरस्टार शाहरुख खान ने टीवी अभिनेत्री प्रत्यूषा बनर्जी के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कलाकारों से आग्रह किया कि काम ना मिलने पर असहज महसूस न करें। अपनी आगामी फिल्म 'फैन' का प्रचार करते हुए जब शाहरुख से प्रत्युषा की कथित खुदकुशी के बारे में पूछा गया, तो इस पर उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए कहा, अगर आपको इच्छानुसार सफलता नहीं मिल रही, तो निराश न हों। सभी की जिदगी में अच्छे और बुरे दिन आते हैं। इसलिए बुरे दिनों के बारे में अधिक ना सोचें।



उन्होंने कहा, अगर आप काम जानते हैं, आपमें प्रतिभा है, आप काबिल हैं, तो आज या कल आपको काम मिलेगा। इसके अलावा शाहरुख ने कहा कि इसमें दुखी होने की बात नहीं है। उन्होंने कहा, अगर आप में प्रतिभा है, तो आपको काम मिलेगा, लेकिन अगर प्रतिभा ही नहीं है, तो इस तथ्य को स्वीकार करें और जो आपको मिल रहा है उससे संतुष्ट रहें।

धारावाहिक बालिका वधू से चर्चित अभिनेत्री प्रत्यूषा के खुदकुशी करने पर पूरा टेलीविजन-जगत हैरान है। वहीं टेलीविजन और बड़े पर्दे के कई कलाकारों ने इस पर दुख व्यक्त किया। प्रत्यूषा के खुदकुशी मामले पर कई कयास लगाए जा रहे हैं, जैसे प्रेमी के साथ रिश्तों में खटास, पैसों की परेशानी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।



यह भी पढ़े :  शाहरुख खान को क्यों पसंद नहीं है 'FAN' शब्द?
यह भी पढ़े : शाहरुख ने अपने बच्चों के फिल्मों में आने को लेकर किया खुलासा
यह भी पढ़े : DARR: तो उसका नाम सुनते ही बुरी तरह घबरा जाते हैं किंग खान

सोमवार, 11 अप्रैल 2016

SRK has disclosed about their children's debut in bollywood

शाहरुख ने अपने बच्चों के फिल्मों में आने को लेकर किया खुलासा


क्या शाहरुख के बच्चे अभिनय में रुचि रखते हैं...आर्यन की लॉन्चिंग कब होगी...जानिए, सच...


मुुंबई। पिछले काफी समय से अटकलें लगाई जा रही हैं कि शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की फिल्मों में जल्द एंट्री होने वाली है। इतना ही नहीं, यह भी खबर आई थी बेटी सुहाना का अभिनय में काफी इंटरेस्ट है। अब सवाल यह उठता है कि वे कब एंट्री करेंगे। इतना तो तय है कि आर्यन को बड़े भव्य स्तर पर लॉन्च किया जाएगा। सूत्रों की मानें, तो आर्यन ने अपनी ओर से इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है। बस, जरूरत है, तो एक ऐसी स्क्रिप्ट की, जो किंग खान को पसंद आ जाए।




इस संबंध में जब शाहरुख से पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि अभी उनके बच्चे फिल्मों में काम नहीं करना चाहते हैं। शाहरुख ने उन अफवाहों का खंडन किया, जिसमें कहा गया था कि उनके बच्चे मनोरंजन-जगत में कदम रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'मेरे बच्चे अभी अभिनय में कदम नहीं रखना चाहते।' हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि उनके बच्चे सेट पर आते हैं और फिल्म-निर्माण को बड़ी बारीकी से समझते हैं, क्योंकि इसमें उनकी रुचि है। यदि उन्हें इसमें दिलचस्पी है, तो अच्छी बात है और यदि नहीं है, तो यह और भी अच्छा है।

शाहरूख ने कहा, आर्यन पढ़ रहा है और दोनों को पढऩा है। उन्हें अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करनी है। आर्यन फिल्म और टीवी सिलेबस की पढ़ाई कर रहा है। सुहाना स्कूल में है, इसलिए पहले वह अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी करेगी और उसके बाद लंदन या अमेरिका से ग्रेजुएशन की पढ़ाई करेगी। करण जौहर आर्यन को लॉन्च कर रहे है यह बात सही नही है।' बता दें कि शाहरुख के तीन बच्चें आर्यन, सुहाना और अबराम हैं।


यह भी पढ़े : DARR: तो उसका नाम सुनते ही बुरी तरह घबरा जाते हैं किंग खान
यह भी पढ़े : RAEES की शूटिंग कम्प्लीट, निर्देशक राहुल ढोलकिया ने SRK को क्या कहा, जानिए
यह भी पढ़े : शाहरुख-उर्वशी की बढ़ती नजदीकियों से गौरी हुई परेशान!

Pratyusha suicide case: Rahul ex-girlfriend Saloni reveals startling facts

प्रत्युषा सुसाइड केस: राहुल की एक्स गर्लफ्रेंड ने किए चौंकाने वाले खुलासे


प्रत्युषा बनर्जी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी राहुलराज सिंह ने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड सलोनी शर्मा को भी 25 लाख का चूना लगाया था।

मुंबई। टीवी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी राहुलराज सिंह ने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड सलोनी शर्मा को भी 25 लाख का चूना लगाया था। पुलिस को दिए बयान में सलोनी शर्मा ने इसका खुलासा किया है। सलोनी शर्मा ने बांगुर नगर पुलिस थाने में अपना बयान दर्ज कराया। पुलिस इंस्पेक्टर दीपक फतंगारे ने सलोनी शर्मा का बयान दर्ज किया।





सलोनी ने पुलिस को राहुल के बारे में कई अहम जानकारियां दी। सलोनी ने बताया कि एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी शुरू करने के नाम पर राहुल ने उससे और उसके पिता से 25 लाख रुपए ऐंठे थे। राहुल ये राशि लौटाने में आनाकानी कर रहा था। सलोनी के मुताबिक वह जब भी राहुल से मिली,उसका मकसद सिर्फ अपने पैसे लेना था। सलोनी ने आरोप लगाया कि राहुल पैसों के लिए लड़कियों से दोस्ती करता था। उनसे शादी के वादे करता और बाद में मुकर जाता था। सलोनी ने बताया कि प्रत्युषा की वजह से उसके और राहुल के रिश्ते में कड़वाहट आई थी।


सलोनी राहुल राज सिंह से शादी करना चाहती थी लेकिन दो साल पहले प्रत्युषा राहुल की जिंदगी में आ गई। राहुल ने इसकी जानकारी सलोनी को नहीं दी। सलोनी के मुताबिक वह और राहुल 5 साल तक रिलेशनशिप में रहे। राहुल और सलोनी शादी करना चाहते थे।


इसकी जानकारी सलोनी के पिता को तब मिली जब उसका जन्मदिन था और जब राहुल को उसके घर बुलाया था। बकौल सलोनी राहुल राज सिंह के बारे में मेरे पिता ने प्रत्युषा के पिता को बहुत पहले जानकारी दे दी थी। मेरे पिता ने राहुल की लालची प्रवृत्ति और पैसों के लिए लड़कियों से दोस्ती करने के व्यवहार से अवगत करा दिया था। जिसे शायद प्रत्युषा के पिता ने नजरअंदाज कर दिया।


एक महीने पहले प्रत्युषा के घर हुए झगड़े के बारे में सलोनी ने बताया कि वो राहुल से अपने पैसे मांगने गई थी। इस दौरान राहुल से बहस हो गई। राहुल ने उसकी पिटाई कर दी। सलोनी ने भी राहुल को मारा। जब प्रत्युषा ने बीच बचाव की
कोशिश की तो वह भी चपेट में आ गई। बकौल सलोनी,मैंने अपने बचाव में ये सब किया था।


गौरतलब है कि प्रत्युषा के दोस्तों ने सलोनी पर प्रत्युषा को प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि सलोनी शर्मा अक्सर प्रत्युषा से मारपीट करती थी। कोलकाता में जन्मी और पली बढ़ी सलोनी शर्मा एक्ट्रेस बनने के लिए मुंबई आई थी। उन्हें पहला ब्रेक फिरंगी बहू में मिला था। इस सीरियल में वे नेगेटिव भूमिका निभा रही थी।













यह भी पढ़े : प्रत्युषा बनर्जी की नौकरानी ने किए चौंकाने वाले खुलासे
यह भी पढ़े : प्रत्युषा की मौत से दुखी महिला फैन ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

यह भी पढ़े : Pratyusha case: एक दिन पहले दूसरी लड़की से साथ था राहुल