शुक्रवार, 8 अप्रैल 2016

IPL 9 : Rohit Sharma wants to start the tournament with victory

IPL 9 : जीत के साथ करेंगे टूर्नामेंट का आगाज- रोहित 

गत चैंपियन मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि उनकी टीम आईपीएल के इस सत्र में जीत के साथ आगाज कर शुरुआत में ही लय हासिल करना चाहती है। हालांकि पिछले कुछ सत्रों में उनकी टीम ऐसा करने में नाकाम रही थी। रोहित ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से मुंबई टूर्नामेंट में अच्छी शुरुआत नहीं कर पा रही है और अपने शुरुआती मुकाबले हारे हैं। इस बार टीम का फोकस अच्छी शुरुआत हासिल करने पर है। टूर्नामेंट में अच्छे परिणाम के लिए यह बहुत जरूरी है।



गत विजेता मुंबई इंडियंस अपने अभियान का आगाज 9 अप्रेल को वानखेड़े स्टेडियम में लीग की नई फ्रेंचाइजी राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के खिलाफ करेगी। वर्ष 2014 में संयुक्त अरब अमीरात में खेले गए आईपीएल के पहले भाग में मुंबई इंडियंस को अपने पहले पांच मुकाबलों में हार का मुंह देखना पड़ा था। हालांकि उसके बाद वानखेड़े स्टेडियम में घरेलू मैचों में उसने जबर्दस्त वापसी की थी। इसके बावजूद उसे एलिमिनेटर मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

पिछले सत्र में मुंबई इंडियंस ने अपने पहले छह में से पांच मुकाबले हारे थे। हालांकि इसके बाद उन्होंने कठिन चुनौती पेश की। कोलकाता के ईडन गार्डेस में खेले गए फाइनल मुकाबले में उन्होंने चेन्नई सुपरकिंग्स को हराकर दूसरी बार खिताब जीता था। पिछले सत्र में रोहित और वेस्टइंडीज के लेंडल सिमंस ने बल्ले से अहम भूमिका निभाई थी।

रोहित ने कहा कि ट्वंटी 20 में बहुत कुछ लय पर निर्भर करता है। सकारात्मक आगाज करना बहुत जरूरी है। हम इस मामले में काफी पीछे रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में हमने अच्छी शुरुआत नहीं की, लेकिन हम (2015 में) खिताब जीतने में कामयाब रहे। हम नहीं चाहते कि इस बार भी वैसा ही हो।

टीम इंडिया के सीमित ओवरों के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बारे में रोहित ने कहा कि पुणे की कप्तानी करते हुए वह भी अपनी टीम को जीत के साथ आगाज कराने को काफी उत्सुक होंगे। धोनी पिछले आठ सालों से चेन्नई सुपरकिंग्स का शानदार तरीके से नेतृत्व करते आ रहे थे, जिसे अब प्रतिबंधित कर दिया गया है। रोहित ने कहा कि सभी को चेन्नई सुपरकिंग्स की कमी खलेगी। वे काफी कड़े प्रतिद्वंद्वी थे, लेकिन नई टीम पुणे सुपरजायंट्स जिसमें धोनी सहित सीएसके के कई खिलाड़ी हैं, वे भी जीत के साथ आगाज करना चाहेंगे। हम उनके खिलाफ मुकाबले को अन्य मैच की तरह ही लेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें